गोबर-बीज के गणेश सिर पर रख मातृ शक्ति ने किया 33 कोटि देवी-देवताओं का पूजन

0
31

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को टोंक रोड सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला के वैदिक औषधीय पादप केन्द्र में अनूठा आयोजन हुआ। गौमाता के संरक्षण और हरित वातावरण के बीच स्वयं सहायता समूह की करीब 100 मातृ शक्ति ने गोबर, मिट्टी और औषधीय पौधों के बीजों से निर्मित गणेश प्रतिमाओं का पूजन किया।

महिलाओं ने सजी हुई थालियों में विघ्नहर्ता गणेश की प्रतिमाएं सिर पर रखकर गौमाता का पूजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के साथ देश के समक्ष आने वाले सभी विघ्न दूर होने की कामना की गई। आयोजन में तैयार की गई गोबर-बीज की गणेश प्रतिमाएं बाद में पौधों के रूप में विकसित होंगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगी।

इस अवसर पर अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता, हैनीमैन एनिमल चैरिटेबल मिशन सोसाइटी की सचिव एवं अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद की सह-संयोजक मोनिका गुप्ता सहित अन्य लोगों ने गोबर के दीपक प्रज्वलित कर महाआरती की। इससे पहले काल भैरव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए गायों को चारा और गुड़ खिलाया।

डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि हम स्वतंत्र भारत में जन्मे हैं और इच्छा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के कारण अखंड भारत में जीवन का समापन हो। इसी कामना के साथ आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से कृषि को उद्योग के समकक्ष लाने का प्रयास हुआ है। युवा कृषि क्षेत्र में भविष्य तलाश रहे हैं और गौ संवर्धन के क्षेत्र में भी कई परिवर्तन हुए हैं।

मोनिका गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आधी आबादी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं।
महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here