बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटी इनोवा टैक्सी

0
32

जयपुर। खोह नागोरियान थाना इलाके में बाइक सवार तीन बदमाशों ने धोखे से टैक्सी चालक को नीचे उतारकर इनोवा कार लूट ली। वारदात के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित ने गुरुवार रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

एसआई रामफूल ने बताया कि वारदात टोंक के निवाई निवासी विकास चौधरी के साथ हुई। विकास रात करीब 8:15 बजे अपनी इनोवा टैक्सी लेकर जा रहा था। खातीपुरा रेलवे स्टेशन के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने हाथ से इशारा कर चालक को बताया कि उसकी गाड़ी के पीछे कुछ लगा हुआ है।

चालक ने बाइक सवारों की बात पर विश्वास कर कार रोक दी और पीछे की तरफ देखने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक कार में बैठ गया। इसके बाद तीनों बदमाश इनोवा लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। खोह नागोरियान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बाइक सवार बदमाशों की पहचान और तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here