जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में कोचिंग स्टूडेंट का अपहरण कर करीब सात घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने छात्र से उसके भाई द्वारा आरोपी की पत्नी को भगाकर ले जाने को लेकर पूछताछ की और चलती कार में लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में छात्र के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोपी उसे करीब 200 किलोमीटर दूर करौली जिले के मासलपुर इलाके में सड़क किनारे पटककर फरार हो गए। पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई जयसिंह ने बताया कि करौली के मामचारी निवासी मनोज (29) पर जानलेवा हमला किया गया। मनोज जयपुर में गोनेर रोड स्थित बैरवा कॉलोनी में किराए पर रहकर रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने कमरे से कोचिंग जाने के लिए निकला था। महात्मा गांधी अस्पताल के पीछे पहुंचते ही घात लगाए बैठे 5-6 युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने मनोज का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद एक आरोपी ने उससे पूछा कि उसका भाई उसकी पत्नी को भगाकर क्यों ले गया। इसी बात को लेकर आरोपियों ने मनोज से मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन कार में डालकर ले गए। चलती कार में भी उसके साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
करीब सात घंटे तक बंधक बनाकर रखने के दौरान आरोपियों ने मारपीट कर उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके बाद उसे करौली के मासलपुर स्थित रामपुरा पावर हाउस के सामने सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर मासलपुर थाना पुलिस ने मनोज को करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मनोज के पर्चा बयान लिए गए। इन्हीं बयानों के आधार पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


















