गोदामों में नकबजनी करने वाला गिरोह चढा पुलिस के हत्थे

0
47
Gang involved in warehouse burglaries nabbed by police.
Gang involved in warehouse burglaries nabbed by police.

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने गोदामों में चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक करोड़ रुपए कीमत का चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त लोडिंग टेम्पो बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश से जयपुर आकर गोदामों की रेकी करते और रात में ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि बीआरएन रोड लाइंस के गोदाम से आईसर व लेलैंड वाहनों के गियर, मोटर, बैटरी, कॉपर केबल और मशीनों के पार्ट्स सहित करीब 60 लाख रुपए का सामान चोरी हुआ था। इसके अलावा 16 सितंबर को करणी विहार थाना क्षेत्र के मां हिंगलाज नगर स्थित गोदाम से करीब 7000 मीटर कॉपर केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामलों की गंभीरता को देखते हुए

थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने नांगल जैसा बोहरा से भूरा और तसलीम उर्फ कलीम को तथा दादी का फाटक से कुलदीप को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान भूरा (35) निवासी गंगोह, सहारनपुर, यूपी, तसलीम उर्फ कलीम (35) निवासी देवबंद, सहारनपुर, यूपी और कुलदीप (27) निवासी नांगल चौधरी, महेंद्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में झोटवाड़ा क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में गोदामों की रेकी कर वारदात के लिए रास्ता और स्थान तय करते थे। रात में ताला तोड़कर अंदर घुसने के बाद शटर बंद कर देते थे, ताकि आसपास के लोगों को चोरी का पता नहीं चले। इसके बाद लोडिंग टेम्पो को गोदाम के पास खड़ा कर कीमती सामान उसमें भरकर ले जाते थे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए मुख्य रास्तों के बजाय तंग गलियों का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस के अनुसार चोरी का सामान औने-पौने दामों में बेचने के बाद आरोपी रकम नशे और मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे। गिरफ्तार भूरा के खिलाफ पूर्व में चोरी और आर्म्स एक्ट के चार मामले तथा तसलीम के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here