मॉल के बेसमेंट के पैनल में लगी आग

0
46

जयपुर। गांधी नगर थाना इलाके नारायण सिंह सर्किल स्थित सिग्नेचर एलिट मॉल में मंगलवार दोपहर बेसमेंट के विद्युत पैनल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही मॉल में काम कर रहे लोग सतर्क हो गए और बेसमेंट में खड़ी गाड़ियां बाहर निकालने में जुट गए। हालांकि, समय रहते दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2.15 बजे मॉल के बेसमेंट स्थित पैनल में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर मॉल की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बेसमेंट में आग के कारण धुआं भर गया था, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रारंभिक जांच में बेसमेंट के विद्युत पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

आग ज्यादा फैलने से पहले ही दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया और करीब 20 मिनट में आग पर नियंत्रण पा लिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन दमकल और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही आग के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here