जब्त मोबाइल-पर्स लौटाने के लिए मांगी रिश्वत: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एसआई गिरफ्तार

0
43

जयपुर। नाहरगढ़ थाने में तैनात उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी एसआई पर आर्म्स एक्ट के मुकदमे में परिवादी की मदद करने तथा पुलिस द्वारा जब्त किए गए दो मोबाइल फोन और पर्स वापस लौटाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी के अनुसार आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाद में 25 हजार रुपए की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान 10 हजार रुपए में सौदा तय होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अनुसंधान इकाई को शिकायत मिली थी। परिवादी के खिलाफ नाहरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज था। इस मामले में गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके दो मोबाइल फोन और पर्स जब्त किए थे।

जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद परिवादी जब अपना सामान वापस लेने पहुंचा तो आरोप है कि अनुसंधान अधिकारी गिरधारी लाल मीणा ने मुकदमे में मदद और जब्त सामान लौटाने के बदले रिश्वत की मांग की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान एसआई द्वारा 25 हजार रुपए की मांग करना सामने आया। बातचीत के बाद 10 हजार रुपए में सामान लौटाने के लिए सहमति बनी। एसीबी के अनुसार आरोपी इससे पहले 5 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

एसीबी की एसआईयू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह शेखावत के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। पुलिस निरीक्षक रघुवीर शरण शर्मा की टीम ने गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरधारी लाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत राशि बरामद की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here