जयपुर। बच्चों के ऑनलाइन शोषण और बाल यौन शोषण सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एनसीएमईसी (नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन) की साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एनसीएमईसी की साइबरटिपलाइन संदिग्ध ऑनलाइन बाल यौन शोषण की रिपोर्ट प्राप्त कर संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसी को जांच के लिए उपलब्ध कराती है।
जयपुर उत्तर डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि विद्याधर नगर थाने को एनसीएमईसी की साइबर टिपलाइन के माध्यम से बाल यौन शोषण सामग्री के आदान-प्रदान से जुड़े एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की सूचना मिली थी। साइबर पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्ट, डिजिटल सामग्री और दस्तावेजों की जांच में प्रथमदृष्टया सामग्री बाल यौन शोषण व उत्पीड़न से संबंधित पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीसीपी करण शर्मा के निर्देशन, एडीसीपी उत्तर-द्वितीय बजरंग सिंह शेखावत और एसीपी शास्त्री नगर दिलीप कुमार मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी सज्जन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्ध मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करने वाले आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकिशोर यादव (26) निवासी ठठिया, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में खोरा बीसल जयपुर में किराए पर रह रहा था।
पुलिस आरोपी के कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही ऑनलाइन सामग्री के स्रोत तथा इस मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका को लेकर भी अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार बच्चों से जुड़े ऑनलाइन अपराधों की साइबर सूचनाओं पर लगातार निगरानी रखकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।



















