कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर पति की हत्या का आरोप, पत्नी और पिता समेत पांच पर केस

0
41

जयपुर। कानोता थाना इलाके में कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की मां ने उसकी पत्नी सुनीता, ससुर प्रकाश मीणा, साले रामावतार तथा भतीजे गोलू और दीपक पर हत्या की साजिश रचने और जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार दोपहर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

एसएचओ वीरेन्द्र सिंह के अनुसार बैनाड़ा निवासी मन्नी देवी ने अपने बेटे बबलू मीणा की मौत को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक बबलू की शादी मई 2024 में सुनीता से हुई थी। मां ने आरोप लगाया कि बबलू को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था।

इसी वजह से उसने सुनीता का मोबाइल अपने पास रख लिया था। सुनीता अपने माता-पिता और भाइयों से बात करने के लिए बबलू का मोबाइल इस्तेमाल करती थी और मोबाइल में बातचीत रिकॉर्ड होती थी।

रिपोर्ट के अनुसार 19 जुलाई 2026 को सुनीता घर छोड़कर अपने मामा के घर बिहारीपुरा चली गई थी। 22 जुलाई को उसने बबलू को अपने पिता प्रकाश और भाइयों से बातचीत के लिए बिहारीपुरा बुलाया। आरोप है कि बातचीत के दौरान सुनीता और उसके परिजनों ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिला दिया। इसके बाद बबलू को घर जाने के लिए कह दिया गया। दोपहर में घर पहुंचने के बाद बबलू ने तेज सिरदर्द और उल्टी की शिकायत की। परिजन और पड़ोसी उसे नवजीवन अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने जहर दिए जाने की आशंका जताते हुए एसएमएस अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

एसएमएस अस्पताल ले जाते समय बबलू ने परिजनों को बताया कि बिहारीपुरा में उसके ससुर प्रकाश, गोलू, दीपक और पत्नी सुनीता ने उसे कोल्ड ड्रिंक में जहर दिया है। एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।

मृतक की मां ने रिपोर्ट में बताया कि बबलू के मोबाइल की रिकॉर्डिंग जांचने पर सुनीता और उसके पिता प्रकाश की बातचीत मिली। मां का आरोप है कि रिकॉर्डिंग में दोनों बबलू को जहर देने की बात कर रहे हैं। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here