निम्स अस्पताल में लगी आग: ओटी और एमआईसीयू धुएं से भरे, मरीजों में मची अफरा-तफरी

0
41

जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित चंदवाजी के निम्स अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ग्राउंड फ्लोर पर ऑपरेशन थिएटर की छत की फॉल सीलिंग में आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते ओटी व एमआईसीयू क्षेत्र में धुआं भर गया।

अस्पताल में चारों तरफ धुआं फैलने से भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जमवारामगढ़ डीएसपी रामकिशन विश्रोई के अनुसार अस्पताल के वार्डों में बड़ी संख्या में मरीज भर्ती थे। धुएं के बीच पुलिसकर्मियों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अस्पताल प्रबंधन ने भी मरीजों को वार्डों से बाहर निकलवाया। कई परिजन अपने मरीजों को खुद बाहर लेकर आए। आग फॉल सीलिंग से शुरू होने के बाद ओटी और एमआईसीयू क्षेत्र में धुआं तेजी से फैल गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। अस्पताल कर्मचारियों ने भी मरीजों को बाहर निकालने में मदद की। आग और धुएं के कारण मरीजों को अस्पताल के बाहर निकालना पड़ा।

कई गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को रात खुले में बितानी पड़ी। कुछ परिजन अपने मरीजों को लेकर अन्य स्थानों पर चले गए। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here