12वीं मंजिल से कूदकर बीकॉम छात्र ने दी जान

0
47

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र ने 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नागौर के मेड़ता निवासी ध्रुव भूतडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ध्रुव ने अपने कुछ दोस्तों को रुपए उधार दिए थे। आरोप है कि रुपए वापस मांगने पर दोस्त उसे धमकाते और मानसिक रूप से परेशान करते थे। घटना के बाद मृतक के पिता ने तीन दोस्तों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।

अपार्टमेंट में देर रात सुनाई दी तेज धमाके की आवाज

पुलिस के अनुसार घटना 25 सितंबर की देर रात करीब 12.30 बजे विधाणी स्थित एक निजी अपार्टमेंट में हुई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे तो ध्रुव गंभीर हालत में नीचे पड़ा मिला। स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

पिता ने तीन दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप

थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि ध्रुव के पिता विनय कुमार अपने परिवार के साथ इसी अपार्टमेंट में रहते हैं। शनिवार को उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि ध्रुव ने तीन दोस्तों को बड़ी रकम उधार दी थी। पिछले 10-15 दिनों से ध्रुव जब भी अपने रुपए वापस मांगता था, तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने के साथ उसे धमकाते और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

पिता का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और रुपए वापस नहीं मिलने के कारण ध्रुव तनाव में था। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर तीनों दोस्तों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और उधार रुपए से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here