तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार चार दोस्तों को कुचला

0
42

जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार टक्कर के दौरान मृतकों के एक-एक पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गए और ट्रक के अगले हिस्से में लटकते मिले। इस हादसे में बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को टोल एम्बुलेंस की मदद से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी अनिकेत (18) पुत्र रामकिशोर और प्रवीण (18) पुत्र प्रकाश के रूप में हुई है। वहीं विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बहन के घर से लौट रहे थे चारों दोस्त

थानाधिकारी के अनुसार चारों युवक रविवार देर रात दौलतपुरा रिंग रोड के पास अनिकेत की बहन के घर गए थे। सोमवार सुबह वहां से एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। सुबह करीब 6:45 बजे दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेरवाड़ी पुलिया के नीचे खेरवाड़ी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दोनों मृत मिले, जबकि घायल युवक गंभीर हालत में पड़े थे।

ट्रक के अगले हिस्से में लटके मिले कटे पैर

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतकों के एक-एक पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गए। पुलिस को दोनों कटे हुए पैर ट्रक के अगले हिस्से में लटके मिले। पुलिस ने ट्रक को मौके से जब्त कर लिया है। ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

हरमाड़ा में परिवार के साथ रहते थे

पुलिस के अनुसार चारों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे और जयपुर के हरमाड़ा इलाके के माचड़ा में परिवार के साथ रहते थे। चारों दोस्त लोहा मंडी क्षेत्र स्थित रबर रिंग फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here