भूत-प्रेत और वशीकरण हटाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

0
46
Swindled out of lakhs under the pretext of removing evil spirits and reversing a spell.
Swindled out of lakhs under the pretext of removing evil spirits and reversing a spell.

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले की जोबनेर थाना पुलिस ने तंत्र-मंत्र, ऊपरी हवा और वशीकरण हटाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी ने छत्तीसगढ़ की एक युवती को उसके ऊपर भूत-प्रेत और ऊपरी छाया होने का झांसा दिया और इसे हटाने के नाम पर उसके बैंक खाते से अलग-अलग आठ बार में कुल 2 लाख 59 हजार 500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जयपुर ग्रामीण जिले की जोबनेर थाना पुलिस ने तंत्र-मंत्र, ऊपरी हवा और वशीकरण हटाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले आरोपी सन्नी मालावत (30) निवासी जोबनेर जिला जयपुर को गिरफ्तार किया है। जो वर्तमान में दिल्ली वेस्ट में रह रहा था। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड जब्त किया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ निवासी युवती रिया मौर्य को उसके ऊपर ‘ऊपरी छाया’ और ‘भूत-प्रेत का साया’ होने की बात कहकर डराया। इसके बाद वशीकरण हटाने और समस्या दूर करने का झांसा देकर आरोपी ने युवती से अपने बैंक खाते में अलग-अलग आठ बार में कुल 2.59 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। पुलिस अब आरोपी से साइबर ठगी की अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के अनुसार जोबनेर थाने के एएसआई मदन लाल ने साइबर क्राइम पोर्टल की जांच की। इस दौरान एसबीआई की रेनवाल रोड जोबनेर शाखा के एक संदिग्ध बैंक खाते के खिलाफ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सुपेला थाने में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज मिली। शिकायत की जांच में खाते में साइबर धोखाधड़ी से जुड़े कुल 2,59,500 रुपए जमा होना सामने आया। बैंक खाते की डिटेल खंगालने पर यह खाता जोबनेर निवासी सन्नी मालावत के नाम पर होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस ने जोबनेर थाने में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। इसके बाद तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची और उसे दिल्ली से डिटेन किया गया। वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा, एएसआई सुरेश चंद, एएसआई मदन लाल, कांस्टेबल राजेंद्र कुमार और कांस्टेबल रोहिताश शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here