जयपुर। रामनगरिया थाना पुलिस ने सौरभ उर्फ गोलू अपहरण व हत्याकांड में फरार चल रहे दो 10-10 हजार रुपए के इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कपिल मीणा (24) निवासी मोठियापुरा, सरमथुरा, धौलपुर और सोनू मीणा (23) निवासी मोठियापुरा, सरमथुरा, धौलपुर को सांगानेर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस इस मामले में अब तक चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार सौरभ उर्फ गोलू का कुंदनपुरा रेलवे फाटक के पास से अपहरण किया गया था। मामले में मुख्य आरोपी प्रियांशु मीणा निवासी सिंघान बजेड़ा, हिंडौन, करौली और उसके साथी हरकेश मीणा निवासी मेरेड़ा, टोडाभीम, करौली को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रियांशु मीणा ने अपने साथी हरकेश मीणा और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कुंदनपुरा रेलवे फाटक के पास से सौरभ का अपहरण किया। आरोपी उसे जबरन स्विफ्ट कार में डालकर दौसा के रास्ते टोडाभीम क्षेत्र के जंगलों में ले गए।
टोडाभीम के गांव खेड़ी और मेरेड़ा के पास सुनसान चारागाह में कपिल मीणा, सोनू मीणा, प्रियांशु और हरकेश ने सौरभ के साथ डंडों, बेल्ट और कार के गेट की रबर से मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण सौरभ की मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपी शव को टोडाभीम बाईपास से नांगल लाट जाने वाली सड़क के किनारे चलती कार से झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
इधर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी आसूचना के आधार पर सांगानेर में दबिश दी और दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका को लेकर आरोपियों से पूछताछ कर रही है।



















