जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय की नगर तृतीय जयपुर टीम ने सोमवार को सीकर में ट्रेप कार्रवाई करते हुए कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग के निरीक्षक मोहित शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी की तारानगर स्थित श्रीराम टिम्बर, फर्निचर फैक्ट्री का आरोपी निरीक्षक मोहित शर्मा ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान चार पूर्तियोग्य कमियां सामने आई थीं। परिवादी ने इन कमियों की पूर्ति कर दी थी। इसके बाद भविष्य में अन्य कमियां नहीं निकालने की एवज में आरोपी 20 से 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगकर परिवादी को परेशान कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान 24 सितंबर को आरोपी ने 30 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। बाद में 25 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लेने पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रेप कार्रवाई की योजना बनाई।
जिस पर एसीबी जयपुर नगर तृतीय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी मोहित शर्मा को परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।



















