जयपुर में अचानक बदला मौसम: मूसलाधार बारिश के साथ कई इलाकों में ओले

0
53

जयपुर। राजधानी में सोमवार शाम अचानक मौसम बदल गया। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ ओले गिरे। तेज बारिश के चलते कुछ ही देर में कई जगह पानी भर गया। मौसम विभाग ने शाम 5 बजे जारी तीन घंटे के अपडेट में जयपुर समेत छह जिलों में बारिश और मेघगर्जन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, करौली और सीकर जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में तीन घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बीकानेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, अजमेर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, राजसमंद और भीलवाड़ा जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन क्षेत्रों में हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बीते 24 घंटे में प्रदेश के पूर्वी हिस्से के सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, दौसा, टोंक, करौली, सवाईमाधोपुर और कोटा तथा पश्चिमी हिस्से के बीकानेर, चूरू और डीडवाना-कुचामन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक 62 मिलीमीटर बारिश डूंगरगढ़ (बीकानेर) में दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस फलौदी और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here