वैशाली नगर थाने में आज करेंगे डीसीपी पश्चिम जनसुनवाई: सीधे सुनी जाएंगी आमजन की शिकायतें

0
52

जयपुर। पुलिस से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए आमजन को अब अपनी समस्या लेकर अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण बुधवार को वैशाली नगर थाना परिसर में जनसुनवाई करेंगे। जनसुनवाई दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस दौरान क्षेत्र के लोग अपनी परिवेदनाएं सीधे डीसीपी के समक्ष रख सकेंगे।

जनसुनवाई में आमजन अपनी शिकायतों और समस्याओं से पुलिस उपायुक्त को अवगत करा सकेंगे। डीसीपी परिवादियों की बात सीधे सुनेंगे और प्रत्येक मामले की प्रकृति के अनुसार संबंधित पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।

इस जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव होगी। उनमें मौके पर ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा। वहीं जांच की आवश्यकता वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को प्रगति से अवगत कराने पर जोर रहेगा।

पुलिस उपायुक्त की थाने में जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देना है। इससे लोगों को अपनी समस्याएं उच्च पुलिस अधिकारी के सामने सीधे रखने का अवसर मिलेगा। जनसुनवाई के दौरान कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, लंबित परिवाद तथा अन्य पुलिस संबंधी मामलों को भी सामने रखा जा सकेगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों की वास्तविक स्थिति सामने लाने और उनके समयबद्ध समाधान पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी। आमजन निर्धारित समय में वैशाली नगर थाना परिसर पहुंचकर अपनी परिवेदना पुलिस उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here