जयपुर। टेंट डीलर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन राजस्थान की ओर से द्वितीय वार्षिक सेमिनार एवं प्रदर्शनी का आयोजन 1 और 2 अक्टूबर को खाटू श्यामजी स्थित वृन्दावन धाम धर्मशाला में होगा। दो दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर के टेंट व्यवसायी जुटेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन के पहले दिन 1 अक्टूबर को दोपहर 12:15 बजे संत अमरनाथ महाराज के सानिध्य में श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। इसके बाद सेमिनार एवं प्रदर्शनी, अतिथि सम्मान समारोह, व्यापारिक सांगोष्ठी, जीएसटी एवं एमएसएमई कार्यशाला, हाई टी, रात्रि भोज और सांस्कृतिक संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
वहीं 2 अक्टूबर को सुबह खाटू श्याम बाबा के सामूहिक दर्शन के बाद व्यापारिक उत्थान एवं प्रगति संगोष्ठी होगी। इसके बाद बाबा श्याम की भोजन प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। दोपहर में कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति प्रभारी मुकेश कुमावत ने बताया कि प्रदेशभर से आने वाले व्यवसायियों के स्वागत और सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। संगठन अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष मुकेश सैनी, महासचिव ऋषि राज माथुर और कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने प्रदेश के टेंट व्यवसायियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।



















