टहल रहे व्यक्ति को मुक्का मारकर आईफोन लूटने वाला स्मैकची लुटेरा गिरफ्तार

0
49
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने जनता कॉलोनी में राहगीर से मारपीट कर आईफोन लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी जुनैद कुरैशी (30) निवासी अमृतपुरी, घाटगेट के कब्जे से लूटा गया एप्पल आईफोन और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक के नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए लूट व छीना-झपटी की वारदातें करता था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जनता कॉलोनी निवासी दीपक कुमार शर्मा ने  रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि  वह खाना खाने के बाद घर के बाहर गली में टहल रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार आरोपी ने पीछे से गर्दन के पास जोरदार मुक्का मारा। अचानक हमले से संतुलन बिगड़ने पर आरोपी उसका आईफोन छीनकर अंधेरी गलियों में फरार हो गया।  पुलिस ने मामला दर्ज कर थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके आधार पर आरोपी जुनैद कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। 

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। आदर्श नगर और महिला थाना जयपुर उत्तर में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here