जयपुर। शिप्रापथ थाना क्षेत्र के पटेल मार्ग पर 1 अक्टूबर को एक युवक ने बिजली के तार का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया और बिहार स्थित अपने गांव में रहने वाली भाभी को भेजा। वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए साली और साढ़ू को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि दोनों ने उसकी पत्नी को उससे अलग कर दिया और उससे बातचीत नहीं करने देते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का जयपुरिया अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से बिहार के मधुबनी निवासी और वर्तमान में मानसरोवर के पटेल मार्ग पर किराए से रहने वाला मोहम्मद नसीरूप निर्माणाधीन मॉल में अग्निशमन प्रणाली लगाने का काम करता था। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसकी साली रिजवाना खातून और साढ़ू मोहम्मद अलाउद्दीन ने उसकी पत्नी को उससे अलग कर दिया है और उससे बात नहीं करने देते।
उसने यह भी कहा कि उसे घर में नहीं रहने देने की बात कही जा रही थी। नसीरूप ने वीडियो में अपने दो बच्चों का भी जिक्र किया और इसे सबूत के तौर पर पुलिस को भेजने की बात कही।
परिजनों के अनुसार 1 अक्टूबर दोपहर करीब 1:06 बजे नसीरूप ने यह वीडियो बिहार में रहने वाली अपनी भाभी पूनियां खातून को भेजा। वीडियो देखने के बाद परिजनों ने जयपुर में रहने वाले नसीरूप के दोस्त शाहुबद्दीन को तत्काल सूचना दी। शाहुबद्दीन आनन-फानन में उसके कमरे पर पहुंचा, लेकिन तब तक नसीरूप पंखे से लटक चुका था।
हेड कांस्टेबल गुमान सिंह के अनुसार मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद फिरोज राईन ने सुसाइड वीडियो के आधार पर रिजवाना खातून और मोहम्मद अलाउद्दीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















