जयपुर। प्रदेश में पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने पंचायत समिति सदस्य, प्रधान और जिला परिषद सदस्य पद के संभावित दावेदारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को पंचायत चुनाव के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के साथ पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट का क्यूआर कोड भी जारी किया।
क्यूआर कोड के माध्यम से संभावित दावेदार पार्टी की वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन कर सकेंगे। कांग्रेस ने इससे पहले नगर निकाय चुनाव में भी प्रत्याशी चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अपनाई थी। अब पंचायत राज चुनाव में भी इसी व्यवस्था के तहत दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन जरूरी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जिस तरह नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे, उसी प्रकार पंचायत चुनाव में भी दावेदारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जो दावेदार ऑनलाइन आवेदन नहीं करेगा, उसकी उम्मीदवारी पर विचार नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन आवेदन भी
पार्टी नेताओं के अनुसार जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्य पद के दावेदारों को ऑनलाइन आवेदन करने के साथ उसका प्रिंट लेकर ऑफलाइन आवेदन भी जमा कराना होगा। ऑफलाइन आवेदन संबंधित जिलाध्यक्ष, विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद, जिला प्रभारी और पार्टी के अन्य नेताओं को देना होगा।
आवेदन में मतदाता क्रमांक, ईपीआईसी नंबर, स्थायी पता, वार्ड और क्षेत्र का नाम सही-सही दर्ज करना अनिवार्य होगा। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि आवेदन में गलत जानकारी पाए जाने पर संबंधित दावेदार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।



















