बेटे के विदेश में गिरफ्तार होने का झांसा देकर 1.70 लाख ठगे

0
52
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud

जयपुर। जालूपुरा इलाके में साइबर ठगों ने विदेश में पढ़ाई कर रहे बेटे को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार बताकर एक सरकारी कर्मचारी को करीब एक घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा और 1.70 लाख रुपए ठग लिए। ठगों ने वॉट्सऐप पर पुलिस अधीक्षक की फोटो लगाकर वीडियो कॉल किया और बेटे को छुड़ाने के नाम पर रुपए मांगे।

थानाधिकारी बृजेश सिंह के अनुसार, 2 अक्टूबर सुबह करीब 11 बजे पीड़ित के वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बड़ा पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका बेटा विदेश में दुष्कर्म के गंभीर मामले में हिरासत में है। ठगों ने विदेश के कड़े कानूनों और सजा का डर दिखाया। इसके बाद वीडियो कॉल पर मारपीट और किसी के रोने-चिल्लाने की आवाजें सुनाकर पीड़ित को विश्वास दिलाया कि उसके बेटे को टॉर्चर किया जा रहा है।

ठगों ने कॉल नहीं काटने और किसी अन्य से संपर्क नहीं करने की हिदायत दी। घबराए पीड़ित ने रिश्तेदारों और परिचितों से रुपए उधार लेकर आरोपियों के बताए बैंक खातों में 1.70 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रुपए मिलते ही ठगों ने कॉल काट दिया। इसके बाद बेटे से फोन पर बात की तो वह सुरक्षित मिला और ठगी का खुलासा हुआ। जालूपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और कॉल डिटेल के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here