पार्क में लोहे के एंगल से लटका मिला ऑटो चालक का शव

0
34

जयपुर। खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में आगरा रोड पर प्रेम नगर पुलिया के पास स्थित एक सार्वजनिक पार्क में ऑटो चालक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सोमवार सुबह जब क्षेत्रवासी पार्क में टहलने पहुँचे, तो लोहे के एंगल से रस्सी के सहारे युवक का शव लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के जेएनयू अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया।

थानाधिकारी सुनील गोदारा के बताए अनुसार मृतक की पहचान मूलतः करौली के सपोटरा निवासी हेमंत राणा (35) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गोनेर रोड स्थित सुंदर विहार कॉलोनी में परिवार संग रहता था और जयपुर में ऑटो रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करता था। परिजनों ने बताया कि वह रविवार शाम को रोजाना की तरह ऑटो लेकर काम पर निकलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

सोमवार तड़के पार्क में टहलने आए स्थानीय लोगों की नजर जब लोहे के एंगल पर लटके शव पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए जेएनयू अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया गया।

शुरुआती छानबीन में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर ली है और मृतक के परिजनों व परिचितों से पूछताछ कर कदम उठाने की असल वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here