जयपुर। फुलेरा थाना पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जयपुर शहर, रींगस, खाटूश्यामजी और कोटा सहित विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि नकबजनी के मामले में पुलिस ने विशाल गवारिया (21) निवासी भैरूं की ढाणी, ईटावा को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त जयपुर जंक्शन से चोरी की गई बाइक आरजे 14 जेआर 6036 पहले ही बरामद की जा चुकी थी।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर ईटावा स्थित पुरानी बंद स्कूल की चारदीवारी के पास बबूल की झाड़ियों में छिपाकर रखी चार बाइकें बरामद की गईं। इनमें दो एचएफ डीलक्स और दो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। बरामद बाइक के नंबर आरजे 20 एनएस 2115, आरजे 23 आरएस 4564, आरजे 23 बीएस 9043 और आरजे 23 एएस 1650 हैं। पुलिस ने इन्हें धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और वृत्ताधिकारी सांभरलेक मुकेश जोशी के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी हीरालाल सैनी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। बाइक बरामदगी में कांस्टेबल महेश कलवानिया की विशेष भूमिका रही। टीम में एएसआई रणजीत सिंह, कांस्टेबल सरदार, पंकज और मुकेश भी शामिल रहे।


















