जयपुर। गलता गेट थाना क्षेत्र में गंगापोल गेट के पास सैयद कॉलोनी में सोमवार रात को गली में गेट निकालने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में लिया।
थानाधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक पक्ष का गेट काफी समय से गली में निकला हुआ था। दूसरा पक्ष भी उसी गली में नया गेट निकालना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ने के बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पथराव में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।



















