जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ‘ऑपरेशन अमविस्मृत’ के तहत 21 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर सुखदेव सिंह (65) को पंजाब के जालंधर स्थित सुल्तानपुर लोधी से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2005 में जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा थाने में दर्ज 968 किलो डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित था।
एडीजी एएनटीएफ दिनेश एमएन के अनुसार आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। वह धार्मिक व्यक्ति का रूप धारण कर गुरुद्वारों में कथा वाचन और भजन-कीर्तन करने वाली मंडली के साथ रहता था। इसी आड़ में वह मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड से डोडा पोस्त मंगवाकर पंजाब में सप्लाई करता था।
पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार एएनटीएफ टीम ने आरोपी की तलाश में पंजाब में कई दिनों तक डेरा डाल कर उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। जयपुर रेंज पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
आखिरकार एएनटीएफ टीम ने पंजाब पुलिस के सहयोग से जालंधर के तोती गांव थाना सुल्तानपुर लोधी स्थित आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या और लूट जैसे गंभीर मामले भी दर्ज रहे हैं।
गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार: 620 ग्राम गांजा बरामद
बिंदायका थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े गांजा बेच रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 620 ग्राम गांजा बरामद किया। थानाधिकारी अनिल कुमार जैमनी के अनुसार सिरसी रोड स्थित सिंवार मोड़ की मूर्तिकार कॉलोनी में महिला के गांजा बेचने की मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सुनीता सांसी (32) को गांजा बेचते हुए पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















