फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनकर एलएमबी में मांगा भारी डिस्काउंट, माणक चौक पुलिस ने शांतिभंग में पकड़ा

0
28

जयपुर। जौहरी बाजार स्थित लक्ष्मी मिष्ठान भंडार (एलएमबी) में रविवार को खुद को फूड इंस्पेक्टर बताकर मिठाइयों पर भारी डिस्काउंट मांगने वाले 33 वर्षीय युवक को माणक चौक थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने मिठाइयों की लगातार शिकायतें आने का हवाला देकर एलएमबी संचालक पर कम कीमत में मिठाई देने का दबाव बनाया और फोन पर गाली-गलौज भी की।

थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी आरोपी रविवार को पत्नी और सास के साथ जयपुर घूमने आया था। दोपहर करीब 11.30 बजे वह एलएमबी पहुंचा और पहले मिठाइयों के भाव पूछे। इसके बाद काउंटर कर्मचारियों से छूट की मांग की।

बात नहीं बनी तो उसने खुद को फूड इंस्पेक्टर बताते हुए एलएमबी मालिक से बात कराने के लिए दबाव बनाया। फोन पर उसने मिठाइयों को लेकर शिकायतें मिलने की बात कहते हुए कम कीमत में मिठाई देने का दबाव बनाया।

बातचीत पर संदेह होने पर एलएमबी संचालक ने माणक चौक थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसके फूड इंस्पेक्टर होने का दावा झूठा निकला।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दुकान पर पहुंचने से पहले उसने एक ग्राहक को किसी अधिकारी का नाम लेने पर छूट में मिठाई मिलते हुए सुना था। इसी से प्रभावित होकर उसने खुद को फूड इंस्पेक्टर बताकर भारी छूट में मिठाई लेने की योजना बनाई। हालांकि बात बिगड़ने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी को शांतिभंग के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जमानत पर रिहा कर दिया गया। आरोपी के पकड़े जाने तक बाहर इंतजार कर रही पत्नी और सास को पहले लगा कि एलएमबी में विवाद होने पर पुलिस उसे ले गई है। थाने पहुंचने पर फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनने की बात सामने आई तो दोनों भी हैरान रह गईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here