जयपुर। लोक जुंबिश कर्मचारियों के वेतन आहरण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से नाराज अखिल राजस्थान समग्र शिक्षा कर्मचारी संघ, पूर्व लोक जुंबिश कर्मचारी, भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संगठन की ओर से मंगलवार को शिक्षा संकुल स्थित राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि वेतन आहरण के स्पष्ट निर्देश नहीं होने से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है।
संगठन के प्रदेश महामंत्री ने बताया कि वित्त विभाग के 23 जनवरी 2020 के परिपत्र की अनुपालना में राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से शिक्षाकर्मी परियोजना के कर्मचारियों के वेतन आहरण के विस्तृत निर्देश 11 जनवरी 2022 को जारी किए गए थे, लेकिन लोक जुंबिश कर्मचारियों के लिए अब तक ऐसे निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
संगठन का कहना है कि राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद को 22 अप्रैल 2025 से लगातार पत्र भेजकर लोक जुंबिश कर्मचारियों के वेतन आहरण के दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की जा रही है।
28 अप्रैल 2026 को प्रदेश के जिला कलेक्टरों के माध्यम से भी ज्ञापन परिषद को भिजवाया गया। इसके बाद 24 सितंबर 2026 को अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा एवं भाषा विभाग को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर 5 अक्टूबर तक आवश्यक निर्देश जारी करवाने का अनुरोध किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 1 अक्टूबर को शिक्षा परिषद जयपुर के उपनिदेशक ने 5 अक्टूबर को राज्य परियोजना निदेशक के साथ संगठन की वार्ता करवाने की सूचना दी थी। संगठन ने वार्ता के संबंध में लिखित पत्र जारी करने का अनुरोध किया, लेकिन 5 अक्टूबर की शाम तक संगठन को कोई संदेश प्राप्त नहीं हुआ।
संगठन ने कहा कि यदि वेतन आहरण के निर्देश जारी नहीं किए जाते हैं तो प्रदेशभर में कार्यरत लोक जुंबिश कर्मचारी भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में 6 अक्टूबर को शिक्षा संकुल में प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के माध्यम से राज्य सरकार का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित कर वेतन आहरण के स्पष्ट निर्देश जारी करवाने की मांग की जाएगी।


















