जयपुर। राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर प्राचीन तीर्थ श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र कोटखावदा में आठ वर्ष पूर्व निर्मित मानस्तम्भ का प्रथम महामस्तकाभिषेक महोत्सव 7 और 8 अक्टूबर को होगा। तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में होने वाले दो दिवसीय आयोजन में आदिनाथ मंडल विधान पूजा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ का बुधवार सुबह 7 बजे गाजे-बाजे के साथ जुलूस के रूप में कोटखावदा में मंगल प्रवेश होगा। मंदिर दर्शन के बाद सुबह 8:30 बजे मुख्य बाजार में धर्मसभा होगी, जिसमें आचार्य श्री के मंगल प्रवचन होंगे।
स्वागत समिति के विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे से आचार्य श्री के सान्निध्य में विधानाचार्य संस्कार भैया के निर्देशन में संगीतमय आदिनाथ मंडल विधान पूजा होगी। महावीर-संतोष गंगवाल सौधर्म इन्द्र, शांति देवी, रितेश-रिंकू वैद धनपति कुबेर, प्रदीप-रानी, पंकज-सोनू वैद यज्ञनायक तथा 16 प्रति इन्द्र-इन्द्राणियों सहित श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे।
समाजश्रेष्ठी कपूरी देवी, बाबूलाल एवं राजेन्द्र वैद सामग्री पुण्यार्जक रहेंगे। गायिका प्रिया जैन भजनों की प्रस्तुति देंगी। शाम 7 बजे आनंद यात्रा तथा रात 8 बजे महाआरती एवं भक्ति संध्या होगी। 8 अक्टूबर को दोपहर 12:15 बजे युवा समाजसेवी पारस-पूजा पाटनी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
प्रकाशचंद एवं कमलेश-सरोज बाकलीवाल द्वारा चित्र अनावरण तथा विनोद-अर्चना गंगवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। मानस्तम्भ मंडप का उद्घाटन रमेश-राजकुमारी जैन तथा मानस्तम्भ के पेढ़े का उद्घाटन गुणमाला एवं संजय-अंजू पाटनी करेंगे।



















