दुर्गाबाड़ी में 15 से 21 अक्टूबर तक सजेगा दुर्गा पूजा महोत्सव

0
37

जयपुर। जयपुर दुर्गाबाड़ी एसोसिएशन की ओर से दुर्गा पूजा- 2026 का आयोजन 15 से 21 अक्टूबर तक बनीपार्क स्थित जयपुर दुर्गाबाड़ी में होगा। दुर्गा पूजा के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, संध्या आरती, भोग वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसकी तैयारियां जोरों पर है। कोलकाता के कारीगर मूर्तियों और पांडाल को अंतिम रूप देने में जुटें हैं।

सोने सा दमकता मुख्य पांडाल लगभग तैयार हो गया है। पांडाल का शिखर बनना बाकी है। जयुपर दुर्गाबाड़ी एसोसिएशन के वरिष्ठ अध्यक्ष पद्मश्री स्वप्न गुहा ने बताया कि वियतनाम के मार्बल से तैयार मां दुर्गा, सरस्वती, लक्ष्मीजी, गणेशजी और कार्तिकेय जी की प्रतिमाओं का पूजन किया जाएगा। मिट्टी से मां दुर्गा की एक प्रतिमा भी बनाई जा रही है। विसर्जन केवल इसी प्रतिमा का होगा।

आनंद मेले से होगी शुरूआत

कार्यक्रम की शुरुआत 15 अक्टूबर को शाम 7 से रात 10 बजे तक आनंद मेला (बंगाली फूड फेस्टिवल) से होगी। श्रद्धालु अपने घर से बंगाली पकवान बनाकर लाएंगे और मां शेरावालीं को अर्पित करेंगे। बाद में यही पकवान प्रसाद के रूप में ग्रहण किए जाएंगे।

16 अक्टूबर को महा षष्ठी पूजा, बोधन, आमंत्रण, अधिवास, संध्या आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 17 अक्टूबर को महा सप्तमी पूजा, पुष्पांजलि, भोग वितरण, संध्या आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

18 अक्टूबर को महा अष्टमी पूजा, पुष्पांजलि, भोग वितरण, संध्या आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसी दिन संधि पूजा एवं बलिदान भी किया जाएगा। 19 अक्टूबर को महा नवमी पूजा, पुष्पांजलि, भोग वितरण, संध्या आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 20 अक्टूबर को दशमी पूजा, सिंदूर उत्सव एवं संध्या आरती होगी। 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन, संध्या आरती और विजया सम्मिलनी का आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here