जयपुर। जालौर जिले के खारा गांव के इतिहास में पहली बार एक ऐतिहासिक, दिव्य और भव्य आयोजन होने जा रहा है, जो क्षेत्र में गौसेवा और सनातन संस्कृति को एक नई दिशा प्रदान करेगा। श्री कृष्णा गौशाला, खारा में आगामी 10 से 18 नवंबर तक ‘श्री जानकी गौ नवरात्रि महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें हजारो श्रद्धालु अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
दूधली बस्सी के श्री प्रहलाद दासजी महाराज ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह नौ दिवसीय महोत्सव पूज्य श्री श्री 1008 श्री कन्हैया गिरी जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित होगा। इस आयोजन में प्रतिदिन लगभग 15,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। नौ दिनों तक खारा गांव में श्री पथमेड़ा धाम जैसी दिव्य गौसेवा परंपरा साकार होती दिखाई देगी।
आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और प्रयागराज संगम से लाए गए पवित्र गंगाजल को संत-महात्माओं की उपस्थिति में राम-जानकी सरोवर में समर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात उसी पावन तीर्थजल से दिव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
यह महोत्सव गौसेवा, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और ग्राम विकास के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी खारा निवासी एकजुट होकर तन-मन-धन से सहयोग का संकल्प ले चुके हैं।



















