सामूहिक श्राद्ध तर्पण व पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का पोस्टर हुआ विमोचन

0
32

जयपुर। सर्व पितृ अमावस्या के अवसर पर शनिवार, 10 अक्टूबर को गायत्री चेतना केन्द्र, मुरलीपुरा की ओर से दादी का फाटक लिंक रोड स्थित तोंदवाल मैरिज गार्डन में सामूहिक श्राद्ध तर्पण एवं पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को आयोजन के पोस्टर का विमोचन मुरलीपुरा के विकासनगर स्थित श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर में किया गया।

आयोजन से जुड़े मनु महाराज ने बताया कि विकास नगर विकास समिति के अध्यक्ष पन्नालाल तंवर और सचिव ओमप्रकाश शर्मा सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों ने गायत्री मंत्र के वैदिक उच्चारण के साथ पोस्टर का विमोचन किया। इसके अतिरिक्त, झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित बड़ पीपली धाम में महंत प्रमेन्द्रनाथ महाराज ने भी पोस्टर का विमोचन कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की।

मनु महाराज ने बताया कि पितरों की तृप्ति, पूर्वजों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कोई भी श्रद्धालु भाग ले सकता है। व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए निशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घर में पुरुष सदस्य के अभाव में महिलाएं भी श्राद्ध-तर्पण कर सकती हैं।

कार्यक्रम के तहत सुबह 7 से 9 बजे तक सामूहिक श्राद्ध तर्पण तथा सुबह 9 से 10 बजे तक पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। आयोजन स्थल पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहेगी। प्रतिभागियों को अपने साथ केवल स्टील के दो तसले लाने होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here