जयपुर। महिला को लगातार फोन और संदेश कर परेशान करने तथा फोटो वायरल करने की धमकी देने वाले युवक को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आदर्श नगर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। कालिका पेट्रोलिंग टीम की सुमन बाला और सुनीता को पीड़िता ने फोन पर शिकायत दी थी कि नितिन गुप्ता नाम का युवक उसे लगातार कॉल कर परेशान कर रहा है और फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पुलिस के अनुसार टीम ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया तो वह आवेश में आ गया। उसने कथित तौर पर कहा कि पहले दोनों दोस्त थे और महिला उससे बात करती थी, लेकिन अब बात नहीं कर रही है। बात नहीं करने पर उसने उसे सबक सिखाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नितिन गुप्ता (29) पुत्र चंद्रशेखर गुप्ता, निवासी छत्री चौक, सुनेल, झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया और आदर्श नगर थाना पुलिस के हवाले किया।
पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने बताया कि आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है।



















