सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
9

जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने वाटिका स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 फीट लंबी तांबे की रॉड बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 16 नवंबर 2026 को वाटिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्यालय से सफाई मशीन, जनरेटर और बोरिंग के वायर सहित अन्य सामान चोरी हो गया था। इस संबंध में अस्पताल के लेखा सहायक परमेश्वर स्वामी ने 17 नवंबर को सांगानेर सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आसूचना व तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने सूरजमल मीणा (27) निवासी ग्राम डाबिच, जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदात से संबंधित करीब 9 फीट लंबी तांबे की रॉड बरामद हुई है। पुलिस आरोपी से चोरी के अन्य सामान और दूसरी वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here