जयपुर। माणक चौक थाना इलाके में बिजनेसमैन भाइयों से 3 करोड़ 74 लाख 40 हजार रुपए के पन्ने हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने करीब डेढ़ साल तक दोस्ती कर उनका विश्वास जीता और फिर विदेश में बड़े ग्राहकों को पन्ने बेचकर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद 1460 कैरेट पन्ने का फिनिश माल लेकर फरार हो गया। पीड़ित भाइयों ने नामजद आरोपी के खिलाफ माणक चौक थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि रामगंज के मेहरों का रास्ता निवासी साजिद अहमद (48) और मोहम्मद जाकिर (44) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दोनों का चांदी की टकसाल पर पन्नों की फिनिशिंग का कारखाना है।
रिपोर्ट के अनुसार करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात जोधपुर निवासी मोहम्मद यासिन से हुई थी। यासिन जयपुर के घाटगेट में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करने की बात कहता था। पढ़ा-लिखा होने के कारण दोनों भाइयों से उसकी दोस्ती हो गई और वह कारखाने पर आने-जाने लगा। आरोप है कि यासिन ने करीब डेढ़ साल तक उनका विश्वास जीता।
बैंकॉक और लंदन में बड़े ग्राहकों का दिया झांसा
अप्रैल 2026 में यासिन ने बैंकॉक और लंदन में बड़े ग्राहकों से परिचय होने की बात कहकर विदेश में पन्ने बेचने पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर भाइयों ने 1460 कैरेट पन्ने का फिनिश माल 26 हजार रुपए प्रति कैरेट की दर से दे दिया। इसकी कुल कीमत 3 करोड़ 74 लाख 40 हजार रुपए थी। आरोपी ने माल लेने के बदले लिखित पर्ची भी दी।
सितम्बर में मोबाइल बंद कर हुआ गायब
आरोप है कि अप्रैल से सितम्बर तक आरोपी विदेश भेजे गए पन्नों की बिक्री का भुगतान आने में समय लगने की बात कहकर टालता रहा। सितम्बर 2026 में जब वह कई दिनों तक कारखाने पर नहीं आया तो भाइयों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसके गायब होने का पता चला। पीड़ितों ने जोधपुर और जयपुर स्थित उसके घर जाकर जानकारी ली तो परिजनों ने पिछले दो साल से उसके उनके पास आने से भी इनकार कर दिया। धोखाधड़ी का एहसास होने पर दोनों भाइयों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की जांच की जा रही है।

















