जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने खेतों और कुओं पर लगे ट्यूबवेल व बोरिंग से बिजली की केबल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की करीब बीस मीटर बिजली की केबल बरामद की है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि सांगानेर सदर थाना पुलिस ने खेतों और कुओं पर लगे ट्यूबवेल व बोरिंग से बिजली की केबल चोरी करने के मामले में गणेश मीणा (27) निवासी अरणिया जिला बूंदी हाल सांगानेर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की करीब 20 मीटर बिजली की केबल बरामद हुई है।
पुलिस आरोपी से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के अनुसार 3 नवंबर 2026 की रात सायपुरा और शिकारपुरा के कृषि क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने करीब पांच से छह कुओं की बिजली की केबल काटकर चोरी कर ली थी। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ फसलों की सिंचाई में भी परेशानी हो रही थी।
इस संबंध में सायपुरा निवासी लोकेश मावलियां ने सांगानेर सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी संसाधनों व आसूचना के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए आरोपित को धर—दबोचा।

















