विश्व वन्यजीव सप्ताह: नाहरगढ़ जैविक उद्यान में वन्यजीवों से रूबरू हुईं छात्राएं

0
49

जयपुर। विश्व वन्यजीव सप्ताह के तहत सोमवार को नाहरगढ़ जैविक उद्यान में ग्रीन पीपल सोसायटी के जयपुर चैप्टर की ओर से वन विभाग के सहयोग से विमुक्ति स्कूल की छात्राओं के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। करीब 30 छात्राओं और दो शिक्षिकाओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। वन्यजीवों को करीब से देखकर छात्राएं रोमांचित नजर आईं और उन्होंने वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने बाघ, सिंह, तेंदुआ, हिप्पोपोटामस, भालू, सियार, लकड़बग्घा, भेड़िया, जंगली कुत्ता, सांभर, चीतल, काकड़, काला हिरण और जंगली बिल्ली सहित विभिन्न वन्यजीवों को देखा। एसीएफ जितेंद्र सिंह शेखावत और फोरेस्टर राजाराम ने उन्हें वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, भोजन, व्यवहार और जीवनशैली के साथ जैव विविधता में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।

डॉ. अशोक ने वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से बचाव एवं पुनर्वास के लिए बेहोश करने की प्रक्रिया भी समझाई। छात्राओं ने वन्यजीव प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के साथ पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान और पौधारोपण किया।

कार्यक्रम में कर्नल बादल वर्मा और आलोक गुप्ता ने विशेषज्ञ के रूप में सहयोग किया। ग्रीन पीपल सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस विक्रम सिंह ने कार्यक्रम का समन्वय किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीवों से जोड़कर उनमें संरक्षण, पर्यावरण संवेदनशीलता और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here