जयपुर। जालूपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड स्थित अपने ही घर से करीब बीस लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर जयपुर में बेचने की फिराक में घूम रहे अठारह वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए हैं। आरोपी चोरी के जेवर बेचने के लिए जयपुर आया था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि जालूपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड स्थित अपने ही घर से करीब बीस लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर जयपुर में बेचने की फिराक में घूम रहे अठारह वर्षीय युवक दीपांशु राजपूत निवासी कोटद्वार कोतवाली जिला कोटद्वार (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ करने पर आरोपित दीपांशु ने स्वीकार किया कि उसने उत्तराखंड स्थित अपने ही घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। चोरी के इन जेवरों को बेचने के उद्देश्य से वह जयपुर आया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही और कब्जे से करीब बीस लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए।
थानाधिकारी बृजेश सिंह तंवर ने बताया कि कांस्टेबल शिवराज को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वनस्थली मार्ग स्थित रामनगर कॉलोनी में एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उसके गृह क्षेत्र के कोतवाली कोटद्वार थाने में एफआईआर पहले से दर्ज है। जालूपुरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही बरामदगी की सूचना कोटद्वार पुलिस को दे दी है। अब उत्तराखंड पुलिस के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



















