जयपुर। गोनेर रोड स्थित विधाणी गांव के गोपाल सागर आश्रम में मिथिला बिहारी महाराज के सान्निध्य में विधाणी परिक्रमा महोत्सव 7 से 12 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। छह दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन अखंड रामधुनी और भजन होंगे। समापन पर 12 अक्टूबर को गोनेर से विधाणी आश्रम तक करीब पांच किलोमीटर लंबी शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आश्रम में प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक श्रद्धालु राम नाम संकीर्तन करेंगे। 12 अक्टूबर को शाम 3 बजे मंदिर जगदीश महाराज, गोनेर से शोभायात्रा रवाना होगी। झांझ, मंजीरे, ढोलक, हारमोनियम और चंग के साथ श्रद्धालु रामधुन करते हुए आश्रम पहुंचेंगे। शोभायात्रा में जुगल सरकार के साथ राधा-कृष्ण, सीतारामजी, बड़े बालाजी, मां सीतला, बाबा चेतनानंद और मां साहिब बनारसी देवी की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। लक्ष्मी निधि और सरजू बिहारी ने बताया कि 12 अक्टूबर को विधाणी आश्रम में स्वामी भजनानन्द महाराज (बड़े बाबा), स्वामी चेतनदास महाराज (छोटे बाबा) और स्वामी भजनानन्द महाराज की धर्मपत्नी मां साहब बनारसी देवी का पाटोत्सव भी मनाया जाएगा।



















