जयपुर। जगदीश महाराज पदयात्रा समिति, ग्राम तीतरिया के तत्वावधान में श्री जगदीश महाराज की 13वीं विशाल पदयात्रा 26 अक्टूबर को तीतरिया से गोनेर धाम के लिए रवाना होगी। पदयात्रा ग्राम तीतरिया स्थित लक्ष्मण जी का बाग, तेजाजी मंदिर से शुरू होगी।
समिति के मीडिया प्रभारी रामू लाल बागड़ा ने बताया कि 26 अक्टूबर को सुबह 7:15 बजे विधिवत ध्वज पूजन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु ध्वज लेकर गोनेर धाम के लिए पदयात्रा पर रवाना होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने वाली यह पदयात्रा तीतरिया से रवाना होकर शिवदासपुरा रिंग रोड होते हुए शाम को गोनेर धाम पहुंचेगी।
गोनेर धाम पहुंचने के बाद 26 अक्टूबर की रात सांख रोड स्थित च्यवन ऋषि गार्डन में श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी। यहां विशाल सत्संग एवं जागरण का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद 27 अक्टूबर को सुबह सवा 9 बजे ध्वज पूजन होगा। ध्वज पूजन के बाद श्रद्धालु श्रद्धा और धूमधाम के साथ गोनेर धाम में श्री जगदीश महाराज को ध्वज चढ़ाएंगे।



















