यातायात पुलिस को मिले 10 आधुनिक सोलर बैरिकेड्स

0
44

जयपुर। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए आईआईएफएल फाउंडेशन ने उदयपुर यातायात पुलिस को 10 आधुनिक सौर ऊर्जा संचालित बैरिकेड्स उपलब्ध कराए हैं। जयपुर के बाद उदयपुर राजस्थान का दूसरा शहर है, जहां फाउंडेशन ने यातायात पुलिस को ये बैरिकेड्स दिए हैं।

इस अवसर पर फाउंडेशन की निदेशक मधु जैन, पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इन बैरिकेड्स का निर्माण तुषार भार्गव और उमंग भार्गव की कंपनी पैन इंडिया मीडिया सॉल्यूशन ने किया है।

आधुनिक बैरिकेड्स में एलईडी डिस्प्ले, चमकती लाइटें, परावर्तक सुरक्षा फीचर्स और चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं हैं। सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण ये रात में भी दूर से दिखाई देंगे। एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों से जुड़े जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए जा सकेंगे।

फाउंडेशन इससे पहले उदयपुर यातायात पुलिस को 100 फोल्डिंग बैरिकेड्स, 100 स्थायी बैरिकेड्स, 100 यातायात शंकु और 910 हेलमेट उपलब्ध करा चुका है। वहीं, मई 2026 में जयपुर यातायात पुलिस को 90 सामान्य और 10 सोलर बैरिकेड्स दिए गए थे।

नए बैरिकेड्स से भीड़ नियंत्रण, विशेष आयोजनों और रात के समय यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को मदद मिलेगी। यह पहल यातायात पुलिस को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here