फर्जी फोटो और हस्ताक्षर से दी वनरक्षक भर्ती परीक्षा: एसओजी ने मूल और डमी अभ्यर्थी को पकड़ा

0
39

जयपुर। वनरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2020 में फर्जीवाड़े के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने मूल अभ्यर्थी भारत मीणा (28) निवासी भुसावर जिला भरतपुर और उसकी जगह परीक्षा देने वाले डमी अभ्यर्थी दिनेश कुमार बिश्नोई (29) निवासी सांचौर जिला जालौर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया कि भर्ती में नौकरी हासिल करने के लिए पांच लाख रुपए में सौदा तय हुआ था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस एसओजी विशाल बंसल के अनुसार राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित वनरक्षक भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के संबंध में थाना एसओजी, जयपुर में 26 सितंबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि भरतपुर जिले के भुसावर क्षेत्र निवासी भारत मीणा ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। लेकिन उसकी जगह जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार विश्नोई ने परीक्षा दी।

नौकरी के लिए पांच लाख रुपए में सौदा

एसओजी की जांच के अनुसार भारत मीणा ने वनरक्षक भर्ती में नौकरी हासिल करने के लिए भरतपुर जिले के ठेकड़ा निवासी डालूराम मीणा से संपर्क किया था। इसके लिए पांच लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। आरोप है कि इसी सौदे के तहत डालूराम मीणा के माध्यम से दिनेश कुमार विश्नोई ने भारत मीणा के स्थान पर परीक्षा दी।

प्रवेश पत्र पर लगाया अपना फोटो

जांच में सामने आया कि डमी अभ्यर्थी ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए भारत मीणा के प्रवेश पत्र और उपस्थिति पत्रक पर अपना फोटो लगाया। इसके साथ ही भारत मीणा के फर्जी हस्ताक्षर कर उसके स्थान पर परीक्षा दी। एसओजी अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here