फर्जी नंबर प्लेट और आरसी लगाकर चला रहा था क्रेटा। पुलिस ने धर-दबोचा

0
48

जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) लगाकर क्रेटा कार चलाने के मामले में प्रकाश उर्फ मोनू (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संदिग्ध कार, फर्जी नंबर प्लेट और आरसी बरामद की है। मामले में वाहन बेचने से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में ब्रह्मपुरी थाने में वर्ष 2009 में और महिला थाना दौसा में वर्ष 2020 में भी मामले दर्ज हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कार जयसिंहपुरा खोर स्थित माहिर मोटर्स के प्रोपराइटर आशू, उसके भाई जीशान और उनके साझेदार अजहर से खरीदी थी। पुलिस इन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़ ने बताया कि 23 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि चांदपोल बाजार स्थित उनियारों के रास्ते पर काले रंग की क्रेटा कार, जिस पर एचआर-12-एडब्ल्यू-6054 नंबर प्लेट लगी थी, पिछले 10 से 15 दिनों से लावारिस खड़ी है। इस सूचना पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया तो रोहतक निवासी विशाल ने बताया कि इस नंबर की उनकी कार रोहतक स्थित घर पर खड़ी है।

इससे जयपुर में खड़ी कार संदिग्ध प्रतीत हुई और उसे थाने लाया गया। इसके बाद कार का उपयोग करने वाला प्रकाश उर्फ मोनू थाने पहुंचा और आरसी पेश की। जांच में आरसी पर दर्ज इंजन और चेचिस नंबर कार से मेल नहीं खाए। पुलिस के अनुसार चालक की सीट के नीचे अंकित वास्तविक चेचिस नंबर हटाकर उनकी जगह फर्जी नंबर अंकित किए गए थे।पुलिस ने संदिग्ध कार, फर्जी नंबर प्लेट और आरसी बरामद कर आरोपी को धर—दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here