श्री सरस निकुंज में 5 से 11 नवंबर तक सजेगी दीपमालिका महोत्सव की छटा

0
26

जयपुर। श्री शुक सम्प्रदाय आचार्य पीठ, श्री सरस निकुंज, दरिबा पान, सुभाष चौक में 5 से 11 नवंबर तक पंच दिवसीय दीपमालिका महोत्सव अत्यंत धूमधाम व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। श्री शुक सम्प्रदायाचार्य पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार एवं आचार्य सद्गुरुदेव सरकार के विशेष सेवा-दर्शन, पुष्प एवं मणिमय शृंगार और विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि भक्त प्रतिदिन प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक ठाकुरजी के विशेष शृंगार एवं सेवा-दर्शन कर सकेंगे। 5 नवंबर को रमा एकादशी मनाई जाएगी। इस दिन ठाकुरजी के विशेष सेवा-दर्शन एवं समाज गायन से उत्सव की शुरुआत होगी। 6 नवंबर धनतेरस को अभ्यंग स्नान, मार्जन एवं फुलेली सेवा की जाएगी।

7 नवंबर रूप चतुर्दशी का आयोजन होगा। इस दिन केसर-चंदन उबटन शृंगार तथा आचार्य चरण पादुका का अर्चन होगा। 8 नवंबर दीपावली को ठाकुरजी का विशेष मणिमय व पुष्प शृंगार, दीपमालिका पूजन एवं रात्रि में भव्य चौसर झांकी सजाई जाएगी।

10 नवंबर गोवर्धन पूजा व अन्नकूट का भव्य आयोजन होगा, इस दिन ठाकुरजी के विशेष शृंगार-दर्शन, श्री गिरिराज पूजन किया जाएगा। 11 नवंबर यम द्वितीया यानी भाई दूज मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्री यमुनाजी का पूजन, विशेष पद-गायन एवं मनोरम शृंगार सेवा-दर्शन आयोजित होंगे।

गोवर्धन पूजा के दिन 10 नवंबर को श्री सरस परिकर की ओर से अपराह्न 3 बजे से बरसाना धाम नीलकंठ कॉलोनी, पुराना चुंगी नाका, क्वींस रोड, अजमेर रोड)में ‘दीपमालिका मधुर मिलन समारोह’ का आयोजन रखा गया है। इस दौरान सायंकाल 4 से रात्रि 8 बजे तक मधुर पदावलियों का गायन होगा और श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसादी वितरित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here