जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राइड शेयरिंग ऐप रेपिडो चलाने के लिए जयपुर में बाइक और स्कूटी चोरी करता था। पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को उसी इलाके के आसपास लावारिस छोड़ देता था।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि सिंधी कैंप थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए नीरज पाईवाल (24) निवासी गंगाशहर (बीकानेर) को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल पहले कंप्यूटर कोर्स करने जयपुर आया था। नौकरी नहीं मिलने पर उसने रेपिडो चलाना शुरू किया। इसके लिए वह पुरानी बाइक और स्कूटी चोरी करता था। उसका मानना था कि इन वाहनों में आसानी से दूसरी चाबी लग जाती है।
आरोपी ने सिंधी कैंप के अलावा प्रताप नगर से एचएफ डीलक्स बाइक तथा मुरलीपुरा और झोटवाड़ा से स्कूटी चोरी करना भी स्वीकार किया है। वह चोरी के वाहनों को रेपिडो में चलाता और पेट्रोल खत्म होने पर उसी दिन या अगले दिन चोरी वाले इलाके के आसपास लावारिस छोड़कर चला जाता था। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदाते खुलने की आशंका जताई जा रही है।
















