चार धामों से मथुरा तक निकली श्रीकृष्ण रथयात्राओं का जयपुर में समापन

0
37

जयपुर। संयुक्त भारतीय धर्म संसद की ओर से संचालित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के तहत देश के चार प्रमुख धामों द्वारका, बद्रीनाथ, रामेश्वरम् और जगन्नाथपुरी से मथुरा तक निकाली गई चारों श्रीकृष्ण रथयात्राओं का समापन समारोह कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया गया। इस अवसर पर देशभर से आए संतों, यात्रियों और अभियान में सहयोग देने वाले लोगों का सम्मान किया गया।

मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज के सान्निध्य में पिछले तीन वर्षों से संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के समापन समारोह में यात्रा दल के सदस्यों, विभिन्न मठ-मंदिरों के संतों और अभियान में विशेष सहयोग देने वाले महंतों को शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर ने कहा कि अभियान समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि यह केवल अल्प विश्राम है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही धर्म-जागरण के इस अभियान को देश के अन्य राज्यों और क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि होने के कारण हर भारतवासी और सनातनी के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। अभियान का उद्देश्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि के प्रति जन-आस्था को अभिव्यक्त करना, सनातन संस्कृति का संरक्षण करना और धर्म-जागरण के प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में संगठन की राष्ट्रीय महिला महामंत्री डॉ. लता शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने एक जैसी पारंपरिक वेशभूषा में पैदल मार्च निकाला और एकजुटता का परिचय दिया। समारोह में मौजूद संतों और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सनातन मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

समारोह में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य, साहित्यकार एवं ‘श्रीकृष्णम्’ और ‘रामायण’ काव्य ग्रंथों के रचयिता डॉ. कैलाश परवाल ‘सरल’, महंत दीपक वल्लभ गोस्वामी, सुदीप तिवारी, एच.सी. गनेशिया, पंडित मुकेश भारद्वाज, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मंत्री राधेश्याम गौतम, सनातन आश्रम (गोवा) के आनंद झखोटिया और हिसार के प्रदेश अध्यक्ष रामफल शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here