परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ का प्रदेश अधिवेशन में वरुण तिवाड़ी बने अध्यक्ष

0
33

जयपुर। राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ का त्रिवार्षिक प्रदेश अधिवेशन रविवार को मालवीय नगर स्थित पाथेय भवन में प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण गौड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अधिवेशन का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रौढ़ प्रमुख कैलाश भाई साहब ने भारतीय मजदूर संघ का ध्वज फहराकर किया। इस दौरान भगवान विश्वकर्मा, भारत माता और दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि राजस्थान परिवहन निगम प्रदेश की जनता की जीवनरेखा है। इसे सुदृढ़ और आमजन के लिए सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताई। वहीं कैलाश भाई साहब ने राष्ट्रहित और भारतीय संस्कृति के महत्व पर विचार रखे। क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा ने भारतीय मजदूर संघ की राष्ट्रीय हित, औद्योगिक हित और श्रमिक हित की त्रिसूत्रीय विचारधारा पर प्रकाश डाला।

अधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य एसके राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह डाबी, परिवहन आयुक्त एवं निगम प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा, वरिष्ठ नागरिक परिसंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद सिंह अवाना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। महासंघ के महामंत्री मुरारी लाल शर्मा ने महामंत्री वृत्त प्रस्तुत किया तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने आय-व्यय का विवरण रखा, जिन्हें सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने निगम में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कर्मचारी कल्याण के लिए निरंतर प्रयास का आश्वासन दिया।

अधिवेशन के अंत में पुरानी कार्यकारिणी भंग कर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह डाबी ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें वरुण तिवाड़ी को प्रदेश अध्यक्ष, महेश चतुर्वेदी को प्रदेश महामंत्री तथा मुरारी लाल शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिक समिति राजस्थान की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here