जयपुर। राजस्थान यूथ कांग्रेस को नया प्रदेशाध्यक्ष मिल गया है। अभिषेक चौधरी को प्रदेशाध्यक्ष, अनिल चोपड़ा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और राजकुमार पारसवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने गुरुवार को नियुक्ति आदेश जारी किए।
गौरतलब है कि 4 अक्टूबर को यूथ कांग्रेस चुनाव का परिणाम घोषित हुआ था। इसमें अभिषेक चौधरी 6.15 लाख वोट लेकर पहले, अनिल चोपड़ा 5.45 लाख वोट के साथ दूसरे और राजकुमार पारसवाल 1.95 लाख वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी ने शीर्ष दावेदारों के साक्षात्कार लिए और अब आधिकारिक नियुक्तियों की घोषणा की गई है।
प्रदेशाध्यक्ष और दोनों उपाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब राजस्थान यूथ कांग्रेस की नई कार्यकारिणी गठित होगी। जल्द ही अन्य प्रदेश पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की जाएगी। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन साल का रहेगा।
गौरतलब है कि अभिषेक चौधरी वर्ष 2023 में झोटवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी थे। उन्हें भाजपा के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 50,167 वोटों से हराया था। राठौड़ को 1,47,913 और चौधरी को 97,746 वोट मिले थे।
वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त अनिल चोपड़ा ने वर्ष 2024 में जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। वे भाजपा के राव राजेंद्र सिंह से महज 1,615 वोटों से हार गए थे। उन्होंने मतगणना में पोस्टल बैलेट खारिज किए जाने पर आपत्ति जताते हुए पुनर्मतगणना की मांग की थी। मांग खारिज होने पर वे रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में धरने पर बैठ गए थे। बाद में उन्होंने न्यायालय में याचिका भी दायर की थी।
राजस्थान में वर्ष 2010 से यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव हो रहे हैं। वर्ष 2023 के चुनाव में अभिमन्यु पूनिया सबसे ज्यादा वोट लेकर प्रदेशाध्यक्ष बने थे। वहीं 2020 के चुनाव में सुमित भगासरा सर्वाधिक वोट लेकर अध्यक्ष बने, लेकिन मुकेश भाकर की ओर से धांधली के आरोप लगाए जाने के बाद जांच में भगासरा को पद से हटाकर भाकर को विजयी घोषित किया गया था। जुलाई 2020 में सचिन पायलट के साथ मानेसर जाने के बाद मुकेश भाकर को प्रदेशाध्यक्ष पद से बर्खास्त कर गणेश घोघरा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

















