जयपुर। अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और निष्कासन के अभियान के तहत 28वीं कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यीय परिवार को दस्तयाब किया है। परिवार में 63 वर्षीय माजिद अली, उसकी 55 वर्षीय पत्नी फरजान खान और उनके दो पुत्र व एक पुत्री शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ अजमेर जिले में अब तक दस्तयाब किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 66 हो गई है।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस व सीआईडी जोन की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
टीम ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं, तकनीकी साधनों और अन्य जानकारियों के आधार पर दरगाह क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर तलाश की। इस दौरान दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खम्भा, झालरा और लाखन कोटड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जांच की गई। इसी दौरान पांच सदस्यीय परिवार को दस्तयाब किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में परिवार के मुखिया माजिद अली ने अपना मूल निवास जोहरी मोहल्ला मोहम्मदपु, जिला ढाका, बांग्लादेश बताया। उसने बताया कि वर्ष 2006 में उसका निकाह फरजान खान से हुआ था। वर्ष 2007 में वह पत्नी के साथ पश्चिम बंगाल के हिली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। इसके बाद दोनों ट्रेन से दिल्ली पहुंचे और करीब दो वर्ष तक वहां खानाबदोश के रूप में रहे। वर्ष 2009-10 में वे अजमेर दरगाह शरीफ क्षेत्र में आकर रहने लगे।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार 13 नवंबर को दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम ने परिवार को दस्तयाब कर थाने लाकर पूछताछ की। माजिद अली ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। परिवार के अन्य सदस्यों की पहचान और संबंधित तथ्यों को लेकर पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा, दरगाह थानाधिकारी दिनेश जीवनानी, सीआईडी जोन के निरीक्षक नरेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुमेर कुमार, डीएसबी अजमेर की हेड कांस्टेबल विमला देवी तथा कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह शामिल रहे। कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह का विशेष योगदान रहा।

















