जयपुर। जर्मनी के प्रतिष्ठित मॉड्यूलर किचन ब्रांड नोल्टे क्यूचन ने जयपुर में नया शोरूम शुरू कर राजस्थान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। मानसरोवर में स्थानीय रिटेल पार्टनर सुमंगलम के साथ साझेदारी में खोले गए इस शोरूम के जरिए कंपनी ने उत्तर भारत में अपने विस्तार को मजबूती दी है।
करीब 2500 वर्ग फीट में फैले शोरूम में जर्मनी में निर्मित मॉड्यूलर किचन के विभिन्न डिजाइन और कॉन्सेप्ट प्रदर्शित किए गए हैं। यहां घर के मालिकों, वास्तुकारों और इंटीरियर डिजाइनरों को आधुनिक डिजाइन, आकर्षक फिनिश और स्मार्ट सुविधाओं वाले किचन का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। कंपनी के अनुसार, किचन डिजाइन भारतीय घरों की जरूरतों और ग्राहकों की व्यक्तिगत जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
इस अवसर पर नोल्टे क्यूचन के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मिडिल ईस्ट, एशिया और अफ्रीका के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सेल्वा कुमार राजुलु ने कहा कि भारत का प्रीमियम होम सेगमेंट तेजी से विकसित हो रहा है। अब ग्राहक किचन को केवल खाना बनाने की जगह नहीं, बल्कि अपनी जीवनशैली, मेहमाननवाजी और पसंद को दर्शाने वाले घर के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में देखते हैं। जयपुर में डिजाइन और परिष्कृत इंटीरियर की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बाजार है।
उन्होंने कहा कि सुमंगलम के साथ साझेदारी से राजस्थान के ग्राहकों को जर्मन शिल्पकला, डिजाइन की विविधता और गुणवत्ता का अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा। जयपुर शोरूम के जुड़ने के साथ भारत में नोल्टे क्यूचन के शोरूम की संख्या 12 हो गई है। कंपनी की विस्तार रणनीति स्थानीय बाजार की समझ रखने वाले अनुभवी साझेदारों के साथ शहर-दर-शहर कारोबार बढ़ाने पर आधारित है। ग्राहकों को शुरुआती परामर्श और डिजाइन योजना से लेकर इंस्टॉलेशन तथा बिक्री के बाद की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

















