जयपुर। मानसरोवर के मीरा मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में चातुर्मास कर रहे परम पूज्य निर्यापक श्रमण 108 विलोक सागर महाराज एवं मुनि 108 विबोध सागर महाराज के पावन सानिध्य में अष्टानिका महापर्व के उपलक्ष्य पर ’24 समवशरण विधान’ का भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर धर्म, भक्ति और आध्यात्म की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। इससे पूर्व रविवार, 15 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन होगा।
आचार्य आर्जव सागर महाराज से दीक्षित युगल मुनिराज पूज्य निर्यापक मुनि विलोक सागर महाराज एवं मुनि विबोध सागर महाराज के सानिध्य में रविवार, को दोपहर साढ़े 12 बजे से सेक्टर-9, मीरा मार्ग, मानसरोवर स्थित सामुदायिक भवन में पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन और जिनवाणी भेंट के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात संगीतमय पूजन और विधि-विधान के साथ मुनि द्वय की पिच्छिका का परिवर्तन होगा। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं को मुनि द्वय के मंगल प्रवचन का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम का समापन महाआरती और समाज बंधुओं के सामूहिक वात्सल्य सहभोज के साथ होगा।
अष्टानिका महापर्व पर आयोजित होने वाले 24 समवशरण विधान की शुरुआत सोमवार, 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे आदिनाथ मंदिर से भव्य घट यात्रा के साथ होगी। इस शोभायात्रा में बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु अपने सिर पर 24 श्री जी को विराजमान कर चलेंगे, वहीं सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक परिधानों में मंगल कलश लेकर शामिल होंगी। घट यात्रा को मुनि संघ का सानिध्य भी प्राप्त होगा। पांडाल में पहुंचने के पश्चात श्री जी का अभिषेक, शांतिधारा और पांडाल शुद्धि की क्रियाएं संपन्न की जाएंगी।

















